Rural Entrepreneurship and Startup Conclave ग्रामीण भारत की आर्थिक तस्वीर बदलने और युवाओं को रोजगार तलाशने वाले के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनाने में ग्रामीण स्टार्टअप्स और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान, कृषि उत्पादों और आधुनिक तकनीक का समन्वय कर गांवों को आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को भी नई गति मिलेगी। यह बात सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने सातवें देहरादून इंटरनेशनल साइंस एंड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल के अंतर्गत यूकॉस्ट में आयोजित रूरल एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप कॉन्क्लेव में कही।
ग्रामीण स्टार्टअप्स से होगा विकसित भारत : डॉ. आर. राजेश कुमार Rural Entrepreneurship and Startup Conclave

डॉ. राजेश कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की आधारशिला होते हैं। आने वाले समय में देश की आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था को दिशा देने की जिम्मेदारी आज के युवाओं के कंधों पर होगी। इनमें से कोई प्रशासनिक सेवाओं में जाकर व्यवस्था को मजबूत करेगा, कोई उद्यमी बनकर रोजगार के अवसर पैदा करेगा, तो कोई विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में नेतृत्व करते हुए देश की प्रगति में योगदान देगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी प्राप्त करने तक अपनी सोच सीमित नहीं रखनी चाहिए, बल्कि अपनी प्रतिभा, कौशल और नवाचार के माध्यम से नए अवसर पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से आर्थिक विकास की ओर अग्रसर है और देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब विकास की प्रक्रिया में ग्रामीण क्षेत्रों की समान भागीदारी सुनिश्चित हो। ग्रामीण भारत में प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। आवश्यकता इन संभावनाओं को पहचानने, आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें व्यावसायिक स्वरूप प्रदान करने की है। ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे उद्यम भी स्थानीय स्तर पर आर्थिक बदलाव के बड़े माध्यम बन सकते हैं।

डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए ग्रामीण उद्यमिता का महत्व और भी अधिक है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय उत्पादों, कृषि एवं बागवानी, जड़ी-बूटियों, प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कौशल पर आधारित अनेक उद्यम विकसित किए जा सकते हैं। यदि युवाओं को नवाचार, तकनीकी जानकारी, बाजार की समझ और उद्यम संचालन का अवसर मिले तो वे अपने गांव और क्षेत्र में रहकर भी सफल व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं। इससे पलायन को कम करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप की सफलता के लिए केवल एक नया विचार पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस विचार को व्यावहारिक उत्पाद, सेवा और बाजार से जोड़ना भी जरूरी है। युवाओं को अपनी समस्याओं के समाधान खोजने की दृष्टि विकसित करनी होगी। स्थानीय जरूरतों को समझकर तैयार किए गए नवाचार अधिक उपयोगी और टिकाऊ साबित हो सकते हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का उद्देश्य भी आमजन के जीवन को सरल बनाना और समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करना होना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार ने फेस्टिवल परिसर में आयोजित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित ग्रामीण स्टार्टअप्स, युवा उद्यमियों के नवाचारों और उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रतिभागियों से उनके कार्यों, उत्पादों की उपयोगिता और भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा की तथा उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं को अपने विचार प्रस्तुत करने, विशेषज्ञों से संवाद स्थापित करने और अपने नवाचारों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करते हैं।
डॉ. राजेश कुमार ने इस प्रकार के आयोजनों को युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता और नवाचार का समन्वय ही आने वाले समय में देश की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने, नए विचारों के साथ प्रयोग करने और समाज की जरूरतों के अनुरूप उद्यम स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी संभावनाओं को अवसरों में बदलने की दिशा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी

