Senior Citizen मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में बुजुर्गों को समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया। सीएम ने कोटाबाग में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वृद्ध आश्रम स्थापित करने, जिस जिले में वृद्धाश्रम नहीं है वहां ऐसे आश्रम खोलने और प्रत्येक जिले में बुजुर्गों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित कराने की घोषणा की। सीएम ने बुजुर्गों के लिए अभय उदय काफी टेबल बुक का लोकार्पण किया और सीएम सीनियर कनेक्ट एप को भी लॉन्च किया।
कोटाबाग में होगा वृद्धाश्रम का निर्माण Senior Citizen

सीएम धामी दो दिनी वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह के समापन मौके पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की दिक्कतों को देखते हुए सरकार राज्य में वृद्ध आश्रमों की व्यवस्था को सुधार रही है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवनों का निर्माण चल रहा है। राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से रुद्रपुर में एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम का भी निर्माण करा रही है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और पिथौरागढ़ में भी वृद्धाश्रम स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

उम्र केवल एक संख्या है
कार्यक्रम स्थल पर सीएम ने पैर छूकर वहां मौजूद 100 वर्षीय माधवी वर्मा का आशीर्वाद किया। धामी ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और उनका मार्गदर्शन हमारे लिए उस ध्रुव तारे के समान है जिसे देखकर कोई व्यक्ति अनजान रास्तों और निर्जन जगहों पर भी सही दिशा की जानकारी प्राप्त कर लेता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में वरिष्ठजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर यह साबित कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है। जोश और उत्साह की कोई आयु सीमा नहीं होती। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

बुजुर्गों की देखभाल के लिए तैयार होंगे 50 मास्टर ट्रेनर
धामी ने कहा कि राज्य में पहली बार वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें 20 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए। इस वर्ष प्रत्येक जिले में कम से कम 50 मास्टर ट्रेनर तैयार करने और 150 व्यक्तियों को जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सरकार वरिष्ठजनों को निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा भी दे रही है। राज्य में इस वर्ष 1300 वरिष्ठ नागरिकों की निशुल्क सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है

