Sonamarg Viral Reels पहाड़ों में नज़ारे जितने दिलकश होते हैं उतने ही खतरनाक भी हो सकते हैं। फिर चाहे पहाड़ियां हों या कोलाहल करती नदियाँ … लेकिन टूरिस्टों को तो बस रोमांच की तलाश होती है ऐसे में अक्सर एक नादानी जान पर भारी पड़ जाती है। वैसे भी सोशल मीडिया पर लाइक्स, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने का बुखार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. इसके चक्कर में लोग अपनी जान तक दांव पर लगाने से नहीं हिचकिचा रहे हैं. जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल सोनमर्ग से एक ऐसा ही रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कुछ युवकों ने सोशल मीडिया के लिए एक ऐसा स्टंट किया जो उनकी जान पर भारी पड़ सकता था.
सोनमर्ग में रील के चक्कर में स्कॉर्पियो कार नदी में फंस गई Sonamarg Viral Reels

वायरल हो रही इस घटना के मुताबिक, कुछ युवा अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी लेकर सोनमर्ग पहुंचे थे. होटल सिंध रिसॉर्ट्स के पास उन्होंने रील और वीडियो बनाने के लिए अपनी गाड़ी को सीधे तेज बहाव वाली सिंध नदी के पानी में उतार दिया. उन्हें लगा कि यह उनके वीडियो को जबरदस्त व्यूज दिलाएगा, लेकिन उनका यह ओवरकॉन्फिडेंस कुछ ही सेकंड में धधकता हुआ डर बन गया. गाड़ी का भारी वजन बर्फीले पानी के तेज बहाव को झेल नहीं पाया और वह बीच धारा में ही जाकर फंस गई. गाड़ी के अंदर बैठे सभी युवकों की सांसें अटक गईं क्योंकि वे खुद को बचाने में पूरी तरह लाचार हो चुके थे.

जब तक ये युवा अपनी इस बेवकूफी को समझ पाते, हालात बेकाबू हो चुके थे. गनीमत यह रही कि समय रहते इस बात की भनक स्थानीय लोगों और जम्मू-कश्मीर पुलिस को लग गई. बिना एक भी पल गंवाए पुलिस और पास के ग्रामीणों ने तुरंत मिलकर एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. कड़ी मशक्कत के बाद सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस हादसे में किसी को चोट तो नहीं आई, और बाद में डूबी हुई स्कॉर्पियो को भी नदी से खींचकर बाहर निकाल लिया गया.

इस पूरी घटना का वीडियो जब ‘X’ पर शेयर हुआ, तो सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. यूजर्स ने इन युवकों की जमकर क्लास लगाई. एक यूजर ने भड़ास निकालते हुए लिखा, “एसयूवी वालों के पास दिमाग होना नामुमकिन है.” वहीं दूसरे यूजर ने तंज कसा कि जब जरूरत से ज्यादा पैसा आ जाता है, तो अक्ल ठिकाने नहीं रहती. कई लोगों ने पुलिस से मांग की है कि इन लापरवाह युवकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि दूसरों को सबक मिले.खबर सोशल मीडिया से जनजागरूकता के लिए साभार ली गयी है।

