क्या होता है UPI Auto Pay Mandate?

UPI AutoPay Mandate एक ऐसी सुविधा है, जिसके जरिए आप किसी ऐप या सर्विस को भविष्य में तय तारीख पर अपने बैंक खाते से अपने-आप भुगतान काटने की अनुमति देते हैं। इसका इस्तेमाल आमतौर पर OTT प्लेटफॉर्म, म्यूजिक ऐप, जिम मेंबरशिप, क्लाउड स्टोरेज, फूड डिलीवरी और दूसरी सब्सक्रिप्शन सर्विस में किया जाता है।कई कंपनियां शुरुआत में सिर्फ 1 का ट्रायल या वेरिफिकेशन पेमेंट लेती हैं। इसी दौरान यूजर से Auto Pay Mandate की मंजूरी भी ले ली जाती है। अगर यूजर शर्तें पढ़े बिना Approve या Accept कर देता है, तो ट्रायल खत्म होने के बाद हर महीने या तय अवधि पर उसके खाते से अपने-आप पैसे कटने लगते हैं।

अक्सर लोग ट्रायल ऑफर का इस्तेमाल करने के बाद उसे भूल जाते हैं। उन्हें यह याद नहीं रहता कि उन्होंने ऑटोपे की अनुमति भी दी थी। ऐसे में सर्विस प्रोवाइडर तय समय पर स्वतः भुगतान काट लेते हैं। कई बार यह राशि छोटी होती है, लेकिन महीनों तक लगातार कटने पर कुल खर्च काफी बढ़ सकता है। अगर आप बैंक स्टेटमेंट या UPI हिस्ट्री नियमित रूप से नहीं देखते हैं तो लंबे समय तक यह कटौती आपकी नजर में भी नहीं आती।
AutoPay Mandate को कैसे पहचानें
जब भी आप किसी ऐप पर पेमेंट करते हैं तो UPI ऐप में ध्यान से देखें कि कहीं Mandate, AutoPay, Recurring Payment”, Subscription या Standing Instruction जैसे शब्द तो नहीं लिखे हैं। अगर ऐसा है तो समझ लें कि यह केवल एक बार का पेमेंट नहीं बल्कि भविष्य के भुगतान की अनुमति भी हो सकती है। किसी भी अनुरोध को स्वीकार करने से पहले उसकी राशि, भुगतान का समय (मासिक, वार्षिक आदि) और शर्तों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।
AutoPay Mandate कैसे कैंसिल करें
अगर आपने पहले से कोई AutoPay Mandate बना रखा है और अब उसकी जरूरत नहीं है, तो उसे आसानी से कैंसिल किया जा सकता है। इसके लिए अपने UPI ऐप (जैसे BHIM, Google Pay, PhonePe या Paytm) में जाकर Mandates, AutoPay, Recurring Payments या Subscriptions सेक्शन खोलें। यहां आपको सभी एक्टिव ऑटो-पे दिखाई देंगे। जिस सर्विस का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, उसका Mandate कैंसिल कर दें। इसके अलावा, समय-समय पर अपने बैंक खाते और यूपीआई ऐप की हिस्ट्री भी जांचते रहें ताकि किसी अनचाही कटौती का पता तुरंत चल सके।

