पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार सुबह दूसरे मसूरी अल्ट्रा मैराथन का उत्साह और उमंग के साथ आगाज हुआ। मैराथन का शुभारंभ अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह एवं नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने धावकों को झंडी दिखाकर किया। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे 1141 से अधिक धावकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर दौड़ के प्रति अपना जुनून और जज्बा दिखाया। सुबह से ही शहर में मैराथन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं के साथ ही विभिन्न आयु वर्ग के धावकों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
मैराथन में प्रतिभागियों के लिए पांच किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 21.1 किलोमीटर, 42.2 किलोमीटर और 50 किलोमीटर की पांच श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। धावकों ने अपनी क्षमता और तैयारी के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में हिस्सा लिया। पहाड़ों के खूबसूरत प्राकृतिक नजारों और चुनौतीपूर्ण रास्तों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों को रोमांच और साहस का अनूठा अनुभव दिया।
अल्ट्रा मैराथन का शुभारंभ करते हुए अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी आयोजकों ने बेहद सफल आयोजन किया था और इस वर्ष भी प्रतिभागियों का शानदार रिस्पांस मिला है। देश के विभिन्न राज्यों और उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से 1100 से अधिक प्रतिभागियों का मसूरी पहुंचना इस आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि अल्ट्रा मैराथन जैसे आयोजन मसूरी के पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय कारोबार और होटल इंडस्ट्री के लिए भी काफी लाभदायक हैं। इस तरह के आयोजनों से पर्यटन नगरी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है। इससे स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को भी लाभ मिलता है।
अभिनव शाह ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन विभाग प्रदेश में इस तरह के आयोजनों को लगातार प्रोत्साहित कर रहा है। पर्यटन को नई दिशा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर अल्ट्रा रन और साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने के साथ वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को पर्यटन और साहसिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है और ऐसे आयोजनों को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।
वहीं अल्ट्रा मैराथन के आयोजक संदीप साहनी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मसूरी में खेल, फिटनेस और एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देना तथा शहर को रनिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि मसूरी अल्ट्रा मैराथन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या ने लोगों ने अपना पंजीकरण कराया हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह अल्ट्रा मैराथन का पहला संस्करण सफल रहा था, उसी तरह इसका दूसरा संस्करण भी सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
मसूरी में खेलों के प्रति लोगों में पहले से ही अच्छा रुझान रहा है। इस आयोजन में हर उम्र के लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि शहरवासी खेलों और फिटनेस के प्रति जागरूक हो रहे हैं।
मीरा सकलानी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। इसके लिए खेल और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। लोगों को खेलों के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केवल दूसरों को खेलों के लिए प्रेरित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वयं भी ऐसे आयोजनों में प्रतिभाग करना चाहिए। जब जनप्रतिनिधि और आम नागरिक एक साथ खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, तभी समाज में स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार होगा।

