विदेश मंत्री एस.जयशंकर रविवार से कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान, बेल्जियम और अमेरिका की यात्रा पर रवाना होंगे।
पांच से 10 जुलाई तक चार खाड़ी देशों कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान की जयशंकर की यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, खाड़ी देशों का अपना दौरा पूरा करने के बाद, वह 13 जुलाई को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में साल 2028-29 के कार्यकाल के लिए भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत करने न्यूयॉर्क जाएंगे।
यात्रा के अंतिम चरण में जयशंकर तीसरी भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में भाग लेने के लिए बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स जाएंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर 5 से 10 जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।
इन देशों की यात्रा के दौरान वह अपने समकक्षों और वहां के नेताओं से मुलाकात करेंगे। यह यात्रा चारों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर केंद्रित होगी। इससे क्षेत्रीय घटनाक्रमों तथा आपसी हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा।

