Mall Road Nainital हार्न मत बजाना वर्ना माल रोड पर मिलेगा झटका !

Mall Road Nainital  नैनीताल की शांत वादियों और विश्वप्रसिद्ध मॉल रोड पर अब आपको गाड़ियों का बेवजह का शोर-शराबा सुनाई नहीं देगा। हाई कोर्ट के सख्त निर्देशों के अनुपालन में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल बैठक हुई, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से री-मॉडल करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। पर्यटकों को एक शांत और बेहतर माहौल देने के उद्देश्य से पहली अगस्त से मॉल रोड को पूरी तरह से ‘नो-हॉर्न ज़ोन’ घोषित कर दिया गया है। कमिश्नर दीपक रावत ने साफ कहा कि मॉल रोड नैनीताल की एक विशेष धरोहर और पहचान है। यहाँ गाड़ियों के अनावश्यक हॉर्न बजने से जो ध्वनि प्रदूषण होता है, वह यहाँ आने वाले पर्यटकों के सुकून और उनके अनुभव को खराब करता है।

माल रोड पर हॉर्न बजाया तो कटेगा चालान Mall Road Nainital 

1 अगस्त से यह नियम सख्ती से लागू होगा

सख्त कार्रवाई: नियम का उल्लंघन करने वाले चालकों पर न सिर्फ भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि अन्य वैधानिक और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
जागरूकता अभियान: मंडलायुक्त ने इस नए नियम का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, इंटरनेट मीडिया और विभिन्न जनसंपर्क माध्यमों से करने के निर्देश दिए हैं ताकि पर्यटकों को शहर में प्रवेश करने से पहले ही इसकी जानकारी हो।

झील के चारों ओर ‘नो पार्किंग’

रूसी बाईपास का कायाकल्प: रूसी बाईपास को अब एक विशाल और आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित किया जाएगा। जिलाधिकारी नैनीताल को जल्द से जल्द इसके लिए निर्माण एजेंसी का चयन कर डीपीआर  तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस हाईटेक पार्किंग में पर्यटकों और ड्राइवरों की सुविधा के लिए शौचालय, साफ पेयजल, बिजली की व्यवस्था, दुकानें और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।इसके साथ ही, नैनीताल झील के आसपास ट्रैफिक का फ्लो सुचारू रखने के लिए तल्लीताल डांठ से लेकर हनुमानगढ़ी बैंड तक के पूरे क्षेत्र को पूरी तरह से ‘नो-पार्किंग ज़ोन’ घोषित कर दिया गया है। झील के चारों ओर गाड़ियां खड़ी करने पर सख्त पाबंदी रहेगी और पुलिस इसे प्रभावी ढंग से लागू करेगी।

 

बिना फिटनेस वाले वाहनों पर सीज की कार्रवाई: परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पर कोई भी सरकारी या निजी वाहन बिना वैध फिटनेस सर्टिफिकेट के नहीं दौड़ना चाहिए। ऐसे वाहनों को ऑन-द-स्पॉट सीज करने के लिए एक निरंतर विशेष अभियान चलाया जाएगा।

निजी वाहनों के कमर्शियल इस्तेमाल पर रोक: कई लोग अपने निजी वाहनों (प्राइवेट नंबर प्लेट) का इस्तेमाल अवैध रूप से कमर्शियल टैक्सी के रूप में कर रहे हैं। इस संचालन को रोकने के लिए पुलिस और आरटीओ (RTO) की संयुक्त टीमें सघन चेकिंग अभियान चलाएंगी और पकड़े जाने पर सख्त चालान व वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासन, पुलिस जगत के कई बड़े अधिकारी और स्थानीय स्टेकहोल्डर्स शामिल रहे। बैठक में मुख्य रूप से आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी (DM) ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा, डीडीए सचिव मनीष कुमार, आरटीओ गुरदेव सिंह, अरविंद पांडे और पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट, महासचिव वेद साह समेत दीपक मटियाली, रमेश जोशी और अमर सिंह ने भी पर्यटन हित में अपने सुझाव साझा किए।