Snowfall in Uttarakhand बदरीनाथ धाम के कपाट कल बंद हो जाएंगे। इससे पहले आज धाम में बर्फबारी हुई। धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं, कड़ाके की ठंड पड़ रही है।वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 16 नवंबर से प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। जिसके चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
बद्रीनाथ धाम में आज सुबह से लगातार बर्फबारी हो रही है। इस बर्फबारी के कारण पूरे धाम में कड़ाके की ठंड है और पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढंक गया है। इसके बावजूद, भगवान बद्री विशाल का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों का आना जारी है।
रविवार सुबह से हो रही बर्फबारी के कारण बद्रीनाथ मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में बर्फ जमा हो गई है। ऊंची चोटियों से लेकर आस-पास की इमारतों तक, सब कुछ बर्फ की सफेद चादर में लिपटा हुआ है। धाम में आए तीर्थयात्री काफी उत्साहित हैं; वे भगवान बद्री विशाल के दर्शन करने के साथ-साथ बर्फ से ढके इस खूबसूरत नज़ारे का भी आनंद ले रहे हैं।
कपाट बंद होने से पहले बदला मौसम Snowfall in Uttarakhand

केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 15 नवंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का भी अनुमान है। 16 से 20 नवंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। इससे पहले नवंबर के दूसरे सप्ताह में बीती 10 नवंबर को दून में गर्मी ने दस साल बाद नया रिकॉर्ड बनाया था। अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा।

खास बात यह है कि करीब दस साल बाद नवंबर में अधिकतम तापमान एक बार फिर इस स्तर पर पहुंचा था। इससे पहले दो नवंबर 2016 को भी दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम के इस बदले मिजाज का असर केवल दिन के तापमान तक सीमित नहीं है, बल्कि रात के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।आमतौर पर नवंबर की शुरुआत से ही रातें ठंडी होने लगती हैं और न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाती है। इस बार रात के तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं होने से सुबह-शाम भी ठंड का असर कम महसूस हो रहा है।

