Uttarakhand Dhol उत्तराखंड में आस्था का है प्रतीक “ढोल”

Uttarakhand Dhol देव भूमि उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। यहां के गीत और संगीत न केवल मनोरंजन का साधन हैं, बल्कि पहाड़ी जीवन और धार्मिक परंपराओं का अहम हिस्सा भी हैं। ऐसे में ढोल का स्थान विशेष है, जिसे यहां की संस्कृति में बेहद महत्व दिया जाता है। विवाह, मांगलिक अवसर, देवताओं की डोली जैसे अवसरों पर ढोल बजाना अनिवार्य माना जाता है। देवत़ों कु आव्हान,ब्यों-बरात्यु कु शान अर अतिथियों कु स्वागत मा सम्मान च हमरु ढोल-दमंऊ

खुशी और उल्लास के अवसरों पर ढोल की थाप पर लोग पारंपरिक लोकनृत्यों के साथ थिरकते हैं और यह दृश्य उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन गया है।भारत के अन्य हिस्सों में ढोल अधिकतर मनोरंजन के लिए बजाया जाता है, लेकिन पहाड़ों में इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी है। यह पहाड़ी संस्कृति में सामाजिक, धार्मिक और लोक कलाओं का संगम है और ढोल इस विरासत का एक अनिवार्य हिस्सा है। उत्तराखंड में मानव जीवन के सभी संस्कारों में ढोल बजाना भी शामिल माना जाता है।

उत्तराखंड में दैवीय पूजन, मांगलिक कार्य और पारंपरिक उत्सवों में ढोल का प्रमुख स्थान है। कुलदेवता की पूजा या जागर के दौरान ढोल बजता है, जिससे देवताओं का आह्वान किया जाता है। पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक पांडव नृत्य और देवी-देवताओं की यात्राओं में ढोल का महत्व हमेशा प्रमुख रहा है। प्रदेश में देवी-देवताओं की कई यात्राएं होती हैं और सभी में ढोल बजाया जाता है।पूर्व में ढोल वादकों की स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन आज यह एक रोजगार का साधन भी बन गया है। संस्कृति को बचाने और पहाड़ी संगीत को सराहने वाले लोग देहरादून और अन्य शहरों में भी ढोल बजवाते हैं। इस प्रकार ढोल उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को जीवित रखने वाला एक महत्वपूर्ण वाद्य यंत्र है।

उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति में ढोल सिर्फ एक वाद्य यंत्र नहीं, बल्कि यहाँ के जनजीवन की आत्मा, धार्मिक आस्था और सामाजिक परंपराओं का मुख्य प्रतीक है ! उत्तराखण्ड के धार्मिक अनुष्ठानों, पौराणिक कथाओं के गायन (जागर) और पूजा-पाठ में ढोल की मुख्य भूमिका होती है। ढोल की विशिष्ट थाप से देवी-देवता वहां के लोगों पर अवतरित होते हैं जिससे नकारात्मक शक्तियां दूर भागती हैं ! उत्तराखण्ड के लोग अपने पारंपरिक बाध्य यंत्र इस अमूल्य धरोहर को संजोने और संवारने का काम भी करे – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी