Doon Hospital दून अस्पताल पहुंचे 630 मरीज, पटाखों से 40 घायल

Doon Hospital  दीपावली के दौरान देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की इमरजेंसी में 24 घंटों के भीतर करीब 630 मरीज पहुंचे. इनमें 90 मामले त्योहार के दौरान हुई घटनाओं से संबंधित थे. पटाखों से झुलसने के 40 और सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने के 11 मामले सामने आए.अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि आतिशबाजी से घायल हुए सभी मरीजों की स्थिति सामान्य थी. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

40 लोग पटाखों से झुलसे Doon Hospital 


बच्चों से बुजुर्गों तक घायल

डॉ. बिष्ट के अनुसार, पटाखों से घायल हुए 40 लोगों में 38 के हाथ और दो के चेहरे झुलसे थे. अधिकांश घटनाएं अनार जलाने के दौरान हुईं. इससे निकलने वाली चिंगारियों और तेज फुहार की चपेट में आने से लोगों के हाथों में चोट आई.इन मरीजों में बर्न इंजरी 10 से 15 प्रतिशत तक थी. किसी भी मरीज की चोट इतनी गंभीर नहीं थी कि उसे अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ती.आतिशबाजी से हुए हादसों में अलग-अलग उम्र के लोग प्रभावित हुए. डॉ. बिष्ट ने बताया कि पांच साल से कम उम्र के करीब पांच बच्चे झुलसने के बाद अस्पताल पहुंचे. 12 साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या भी लगभग इतनी ही रही.किशोरों, युवाओं और वयस्कों को भी पटाखों से चोटें आईं. कुल 40 घायलों में 28 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं.


उपचार के बाद सभी डिस्चार्ज

पटाखों से घायल मरीजों को इमरजेंसी और प्लास्टिक सर्जरी यूनिट के डॉक्टरों ने तत्काल उपचार दिया. घावों की मरहम-पट्टी और जरूरी दवाएं देने के बाद उनकी स्थिति का आकलन किया गया. सभी मरीज खतरे से बाहर थे, इसलिए किसी को भी भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी.

सड़क हादसों के 11 मामले

दीपावली के दौरान दून अस्पताल में सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए करीब 11 लोग भी पहुंचे. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, इनमें से किसी की हालत गंभीर नहीं थी और सभी को समय पर उपचार दिया गया.डॉ. बिष्ट ने बताया कि पिछले 24 घंटों में इमरजेंसी में कुल करीब 630 मरीजों का पंजीकरण हुआ. इनमें सामान्य बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े लोग भी शामिल थे, जबकि 90 मामले दीपावली से संबंधित थे.त्योहार के दौरान अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम मुस्तैद रही. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और किसी बड़ी अनहोनी की स्थिति सामने नहीं आई.