Navodaya Vidyalaya Protest यूपी के बहराइच जिले में नवोदय विद्यालय में छात्रों ने प्रदर्शन किया.एक पूर्व छात्र की सड़क हादसे में मौत के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा.पूर्व छात्र 5वीं बार टीसी लेने विद्यालय पहुंचा था, लेकिन टीसी नहीं दी गई.आंदोलन कर रहे छात्र DM-SP को मौके पर बुलाने की मांग पर अडे़ रहे.
छात्रों ने पुलिसकर्मियों से किसी भी तरह की बात करने से इनकार कर दिया.
आधी रात छात्र विद्यालय के सामने धरने पर बैठ गए Navodaya Vidyalaya Protest

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के नवोदय विद्यालय में शुक्रवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की. मामला पूर्व छात्र सतीश कुमार राना की सड़क हादसे में मौत से जुड़ा है. छात्रों का आरोप है कि सतीश कुमार कई बार विद्यालय में अपनी टीसी लेने आया था, लेकिन उसे बार-बार वापस भेज दिया गया.

बताया जा रहा कि सतीश कुमार राना ने नवोदय विद्यालय से हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की थी. पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे आगे की शिक्षा के लिए विद्यालय से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) की जरूरत थी. आरोप है कि टीसी लेने के लिए वह अपने भाई के साथ कई बार नवोदय विद्यालय पहुंचा. छात्रों का कहना है कि सतीश कुमार करीब 5वीं बार टीसी लेने के लिए विद्यालय आया था. इससे पहले भी वह कई बार विद्यालय पहुंचा, लेकिन उसकी टीसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विद्यालय की अध्यापक अनीता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रों का कहना है कि सतीश कुमार बार-बार टीसी लेने के लिए विद्यालय आता रहा, लेकिन अध्यापक की ओर से आवश्यक हस्ताक्षर नहीं किए गए. आरोप है कि हस्ताक्षर नहीं होने के कारण छात्र को हर बार वापस लौटना पड़ता था. छात्रों के मुताबिक, शुक्रवार को भी सतीश कुमार टीसी लेने के लिए विद्यालय पहुंचा था. बताया जा रहा कि हस्ताक्षर होने के बावजूद उसे टीसी नहीं दी गई.

छात्रों के अनुसार, विद्यालय से टीसी लेने के लिए आने-जाने के दौरान ही सतीश कुमार सड़क हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद नवोदय विद्यालय के छात्रों में आक्रोश फैल गया. छात्रों ने विद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और पूरे मामले की जांच की मांग की. प्रदर्शनकारी छात्र इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
डीएम और एसपी को बुलाने की मांग
विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग की. छात्रों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. यह पता लगाया जाना चाहिए कि सतीश कुमार को टीसी लेने के लिए बार-बार विद्यालय क्यों आना पड़ा? छात्रों ने आरोपों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है. प्रदर्शन के कारण विद्यालय परिसर में काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.

