PM Modi Uttarakhand राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती उत्सव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करोड़ों की सौगात देंगे। इसके लिए विभिन्न विभागों के विकास कार्यों का उद्घाटन व लोकार्पण करने की तैयारी चल रही है। नियोजन विभाग के माध्यम से धरातल पर उतरने वाली योजनाओं की स्क्रीनिंग की जा रही है।
एफआरआई में राज्य स्थापना उत्सव की तैयारियां जोरों पर PM Modi Uttarakhand

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एफ आर आई पहुंचकर राज्य के रजत उत्सव आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए हर्ष का विषय है कि हम राज्य स्थापना दिवस के रजत वर्ष में प्रवेश करने जा रहे हैं। कहा कि हमारे राज्य को पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय अटल जी ने बनाया और प्रधानमंत्री मोदी इसको संवार रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री हमारे राज्य के इस रजत उत्सव में प्रतिभाग करने आ रहे हैं और हमारे राज्य को हमेशा से उनका सानिध्य मिलता रहता है।

मुख्यमंत्री धामी ने एफआरआई में लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने इन 25 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और 2047 के विकसित भारत निर्माण की दिशा में हमारा राज्य अग्रणीय भूमिका निभाने को तत्पर है। उन्होंने जिला प्रशासन देहरादून, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को रजत उत्सव की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, खजानदास, सहदेव पुंडीर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

नौ नवंबर मनाए जाने वाले रजत जयंती उत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड को नया तोहफा दे सकते हैं। वहीं 10 हजार करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने की बात कही जा रही है। इसके लिए नियोजन विभाग विभिन्न विभागों की उन योजनाओं की समीक्षा कर रहा है। जिनका लोकार्पण व शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे। सचिव मुख्यमंत्री व गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय का कहना है कि राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी कई विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके लिए नियोजन विभाग तैयारी में जुटा है।

