परमाणु मामले में दागदार पाकिस्तान भारत को नसीहत न दे: विदेश मंत्रालय का करारा जवाब

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, विश्व समुदाय के समक्ष हमारा रिकार्ड पूरी तरह से बेदाग है। भारत ने परमाणु ऊर्जा को हमेशा सुरक्षित और अप्रसार के दायरे में रखा है। जबकि पाकिस्तान का खुद का रिकॉर्ड दागदार है। उसकी परमाणु क्षमता चोरी की है और विश्व भर में उसके प्रसार के सार्वजनिक साक्ष्य हैं।

भारत ने पाकिस्तान के उस बयान को खारिज कर दिया है जिसमें कनाडा के साथ उसके परमाणु सामग्री सहयोग समझौते पर सवाल उठाए गए हैं। भारत ने कहा है कि परमाणु अप्रसार के संबंध में उसकी छवि बेदाग है। दागदार पाकिस्तान हमें कोई नसीहत न दे।

कनाडा ने भारत को लंबे समय तक यूरेनियम की आपूर्ति करने, परमाणु ऊर्जा के विकास की अत्याधुनिक तकनीक देने और छोटे रिएक्टरों की आपूर्ति करने का समझौता किया है। पाकिस्तान ने कहा है कि नागरिक उद्देश्यों के लिए होने वाला परमाणु समझौता भेदभाव से परे होना चाहिए।

चुनिंदा मामलों में दी जाने वाली ढील परमाणु अप्रसार संधि को कमजोर करती है। पाकिस्तान के इस बयान को भारत ने आधारहीन बताते हुए उसे खारिज कर दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, विश्व समुदाय के समक्ष हमारा रिकार्ड पूरी तरह से बेदाग है। भारत ने परमाणु ऊर्जा को हमेशा सुरक्षित और अप्रसार के दायरे में रखा है। जबकि पाकिस्तान का खुद का रिकॉर्ड दागदार है। उसकी परमाणु क्षमता चोरी की है और विश्व भर में उसके प्रसार के सार्वजनिक साक्ष्य हैं। इसलिए उसे भारत या किसी अन्य देश पर अंगुली उठाने का कोई हक नहीं है।

जायसवाल ने पाकिस्तान के उस आरोप को भी खारिज किया जिसमें उसकी अफगानिस्तान के साथ लड़ाई में भारत की भूमिका बताई गई है।

भारत ने कहा, पाकिस्तान अपनी गलतियों के लिए दूसरे देशों को दोष देता है जबकि अफगानिस्तान के साथ टकराव के लिए वह खुद जिम्मेदार है। पाकिस्तान ने ही आतंकी संगठनों को संरक्षण देकर उन्हें तैयार किया है, अब जब वे आतंकी पाकिस्तान को ही निशाना बना रहे हैं तब वह दूसरों पर दोष मढ़ रहा है।