बारिश बनी मुसीबत, सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर बार-बार भूस्खलन
लगातार हो रही बारिश के कारण सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर भूस्खलन की बढ़ रहा हैं। मार्ग पर जगह-जगह मलबा और बोल्डर आने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। इसका असर भगवान शिव-पार्वती के विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध त्रियुगीनारायण पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और विवाह समारोहों में शामिल होने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है।
रविवार देर रात हुई बारिश के बाद बड़ा सांगू क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। सड़क बंद होने के कारण राहगीरों को काफी दूरी तक पैदल चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। गुजरात और महाराष्ट्र से आए कुछ श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिनका त्रियुगीनारायण मंदिर में विवाह समारोह निर्धारित था।
सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र ने बताया कि बरसात के दौरान इस मार्ग पर लगातार मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं, जिससे यातायात बार-बार प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण गधेरों का पानी सीधे सड़क पर आ रहा है। इससे चट्टानें खिसक रही हैं और मलबा सड़क पर फैल रहा है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मलबा हटाने का कार्य जारी
वहीं, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि मार्ग को सुचारु रखने के लिए मशीन मौके के निकट तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि मलबा हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है और मार्ग को यातायात के लिए शीघ्र बहाल किया जा रहा है।
मूसलाधार बारिश से पिंडरघाटी में कई सड़कें बंद
मलबे में फंसे 50 से अधिक वाहन, सोल घाटी के 16 गांवों के 10 हजार लोग प्रभावितदेवाल/थराली/नारायणबगड़। रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश से पिंडरघाटी के नारायणबगड़, थराली और देवाल ब्लॉकों में कई मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हो गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। देवाल ब्लॉक में देवाल-खेता मानमती समेत कई सड़कें बंद होने से 50 से अधिक वाहन बीच रास्ते में फंस गए।
12 घंटे बाद यातायात के लिए खोला गया
वहीं थराली-डुंग्री मोटर मार्ग करीब 12 घंटे बाद यातायात के लिए खोला गया। मार्ग बंद रहने से सोल घाटी के 16 गांवों के करीब 10 हजार लोग प्रभावित हुए। नंदकेशरी-जौला मोटर मार्ग पर चालकों ने स्वयं मलबा हटाकर आवाजाही बहाल करने का प्रयास किया।
देवाल बाजार के पास भूस्खलन से खतरा
नारायणबगड़ में नलगांव-कफारतीर-भटियाणा मोटर मार्ग पिछले एक सप्ताह से बंद है, जिससे लोगों को ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के लिए 25 से 30 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता डीएस भंडारी ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। वहीं, देवाल बाजार के पास भूस्खलन से आसपास के भवनों पर भी खतरा बना हुआ है।

