Panchayat Election उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने पंचायत चुनावों के लिए प्रदेश के 12 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को जिला प्रभारी नियुक्त किया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने की। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉक्टर हरक सिंह रावत और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा और रणनीति तय की गई।
ललित फर्स्वाण निभाएंगे समन्वयक की भूमिका Panchayat Election
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक
बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी पंचायत चुनावों को गंभीरता से लड़ने जा रही है। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष पद के लिए मजबूत उम्मीदवार उतारे जाएंगे। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत से उनके समर्थन में काम करेंगे।
भाजपा ने पंचायत चुनावों की शुरुआत ही बेईमानी से की है – करन माहरा
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने पंचायत चुनावों की शुरुआत ही बेईमानी से की है। उन्होंने कहा कि पंचायतों का आरक्षण रोस्टर शून्य कर दिया गया, जो पूरी तरह असंवैधानिक और पंचायत राज अधिनियम का उल्लंघन है। जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, क्षेत्र पंचायत प्रमुख व सदस्य तथा ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के आरक्षण का अलग-अलग आधार रखा गया है, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव दो चरणों में कराने का फैसला भाजपा सरकार की हार के डर को दर्शाता है। भाजपा सरकारी मशीनरी और बाहुबल का दुरुपयोग कर चुनावों को प्रभावित करना चाहती है।
पार्टी को सतर्क रहना होगा – यशपाल आर्य
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस को पूरी ताकत से अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार इस चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करेगी, इसलिए पार्टी को सतर्क रहना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि ग्रामीण जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पौड़ी जिले में आरक्षण में हुई धांधली पर जब उन्होंने जिलाधिकारी से सवाल किया तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि आरक्षण के खिलाफ कई आपत्तियां उच्च न्यायालय में लंबित हैं, जिनकी सुनवाई 24 जून को होगी। इसके बावजूद पार्टी को अपनी तैयारी पूरी रखनी होगी।
पार्टी ने किए जिला प्रभारियों की घोषणा
चंपावत: महेंद्र सिंह पाल (पूर्व सांसद)
बागेश्वर: महेंद्र सिंह लूंठी
अल्मोड़ा: धीरेन्द्र प्रताप
पिथौरागढ़: भगीरथ भट्ट (प्रदेश उपाध्यक्ष)
नैनीताल: संजीव आर्या (पूर्व विधायक)
उधम सिंह नगर: रणजीत सिंह रावत (पूर्व विधायक)
टिहरी: सूर्यकांत धस्माना (प्रदेश उपाध्यक्ष)
उत्तरकाशी: मंत्री प्रसाद नैथानी (पूर्व मंत्री)
रुद्रप्रयाग: विक्रम सिंह नेगी (विधायक)
देहरादून: वीरेंद्र जाती (विधायक)
चमोली: प्रदीप थपलियाल
पौड़ी: लखपत बुटोला (विधायक)