Haridwar Kanwad Yatra हरिद्वार कांवड़ मेले में आपका स्वागत है !

Haridwar Kanwad Yatra आगामी कांवड़ मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बैठक में कांवड़ मेले से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

DM मयूर दीक्षित ने की समीक्षा बैठक Haridwar Kanwad Yatra 

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेला क्षेत्र के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं भोजनालयों में खाद्य पदार्थों एवं सेवाओं की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रमुख स्थान पर चस्पा कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं से निर्धारित दरों से अधिक मूल्य न वसूला जा सके। उन्होंने सिंचाई विभाग एवं जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों एवं कांवड़ पटरी मार्गों पर गड्ढों का तत्काल भराव कराया जाए तथा मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की लॉपिंग (छंटाई) कराई जाए, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

कांवड़ मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के निर्देश

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, हरिद्वार तथा उत्तर प्रदेश के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी घाटों की मरम्मत, सुरक्षा चेन की मरम्मत एवं स्थापना तथा आवश्यक सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित सभी कार्य तत्काल पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान एवं आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करते हुए कमियों का तत्काल निराकरण करने तथा प्रत्येक व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे कांवड़ मेला सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

होटल, रेस्टोरेंट में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा करने के निर्देश

बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार,जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा०शि०) अमित कुमार चन्द,महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी ,जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भंडारी,जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, स्वजल नोडल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट,जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे तथा ब्लॉक मुख्यालय एवं तहसील मुख्यालय से संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।