Sangla Valley: अगर आप ऐसी छुट्टियां प्लान कर रहे हैं, जिसमें आपकी पहले से बुकिंग नहीं हुई है और अचानक से आपका प्लान बन गया है तो हिमाचल प्रदेश में स्थित सांगला वैली के बारे में जरूर विचार करें। यह टूरिस्ट डेस्टिनेशन सात दिन के समर हॉलिडे के लिए एकदम मुफीद हैं। हिमाचल के किन्नौर जिले में स्थित सांगला वैली तिब्बत बॉर्डर के करीब है। शिमला से लगभग 220 किलोमीटर की ड्राइव करने पर आप सुंदर सांगला वैली में पहुंचेंगे। सांगला को ट्विन सिटी भी कहा जाता है क्योंकि इसके नजदीक है किन्नौर वैली का कल्पा शहर। यह जगह कुदरती सुंदरता से भरी हुई है।
शिमला से शुरू होने वाली यह रोड यात्रा नारकंडा होते हुए रामपुर पहुंचेगी और रामपुर से सांगला वैली में प्रवेश करेंगे। आप इसमें नारकंडा और रामपुर में भी रुक सकते हैं। रामपुर में यहां के राजपरिवार वीरभद्र सिंह का फोर्ट भी मौजूद है। यह देखने के लिए एक बेहतरीन जगह है। सांगला वैली में आपको कई दर्शनीय स्थल मिल जाएंगे। इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती है खूबसूरत बसपा नदी। यह सतलुज नदी की सहयोगी नदी है। यहां पर रिवर क्रॉसिंग, ट्राउट-फिशिंग, साइकिल ट्रेकिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स किए जाते हैं। यहीं पर आगे मशहूर कांड ला पास पड़ता है, जहां पर आपको बर्फ के ऊंचे-ऊंचे पहाड़ नजर आएंगे।
Sangla Valley: यहां मिलते हैं ब्रह्म कमल
सांगला वैली ब्रह्म कमल के लिए मशहूर है। प्रकृति प्रेमी सिर्फ ब्रह्म कमल की खोज में इस वैली से आगे पहाड़ों पर ट्रेकिंग के लिए जाते हैं। कहते हैं ब्रह्म कमल एक ऐसा फूल है, जिसमें हजारों रंग देखे जा सकते हैं। यहां के लोग मानते हैं कि यह फूल अलौकिक शक्तियों से परिपूर्ण है। यह बहुत सुंदर चमकते सितारे जैसा और शानदार सुगंध वाला कमल है। इसे हिमालय में फूलों का राजा भी कहा गया है| यह कमल आधी रात के बाद खिलता है।
कैसे पहुंचें Sangla Valley
दिल्ली से आप ट्रेन से चंडीगढ़ और आगे बस या टैक्सी या अपनी गाड़ी से भी जा सकते हैं। साथ ही आप अपनी गाड़ी से सड़क मार्ग से भी जा सकते हैं। दिल्ली से सांगला के बीच की दूरी 567 किलोमिटर है। वहीं हवाई मार्ग से भी आप शिमला होते हुए सांगला पहुंच सकते हैं। दिल्ली से शिमला के लिए आपको आसानी से हवाई जहाज मिल जाएंगे। शिमला एयरपोर्ट से आप टैक्सी लेकर सांगला जा सकते हैं।
Sangla Valley में कहां ठहरें
सांगल में ठहरने के लिए आपको कई तरह की सुविधाएं मिल जाएगी। आप जोस्टेल और छितकुल जैसे ट्रैवलर्स हॉस्टल्स में भी रुक सकते हैं। अगर आपको घर जैसी फीलिंग चाहिए तो आपके पास होमस्टे का भी ऑपशन है। नेगी होमस्टे, फोक टेल्स, आदित्या होमस्टे ज्यादा फेमस है। जबकि बत्सरी, इग्लू, देबभूमि, त्रिदेव भगवती, आर्यन द क्लासिक, महिमा और बंजारा कैंप जैसे होटल्स भी यहां मौजूद हैं।