WhatsApp Scheduled Messages अब किसी को जन्मदिन या शादी की सालगिरह की बधाई देने के लिए रात 12 बजे तक जागने की जरूरत नहीं पड़ेगी. WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए एक नया Scheduled Messages फीचर पेश किया है. इसकी मदद से आप पहले ही मैसेज लिखकर उसकी तारीख और समय तय कर सकेंगे. खास बात यह है कि तय समय पर मैसेज अपने आप भेज दिया जाएगा. इसके लिए उस वक्त आपका स्मार्टफोन चालू होना या इंटरनेट से कनेक्ट होना भी जरूरी नहीं होगा.
WhatsApp पर टेक्स्ट के साथ फोटो-वीडियो भी कर सकेंगे शेड्यूल WhatsApp Scheduled Messages

Meta के मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने Scheduled Messages फीचर का ग्लोबल रोलआउट शुरू कर दिया है. इस फीचर की मदद से यूजर्स सिर्फ टेक्स्ट मैसेज ही नहीं, बल्कि फोटो और वीडियो भी पहले से शेड्यूल कर सकेंगे. यह सुविधा पर्सनल चैट के साथ-साथ ग्रुप चैट में भी काम करेगी. यानी आप किसी खास दिन के लिए पहले ही मैसेज तैयार कर सकते हैं और तय समय पर WhatsApp उसे अपने आप भेज देगा.
10 मिनट से लेकर 14 दिन तक पहले शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज
WhatsApp के नए फीचर के तहत यूजर्स 10 मिनट से लेकर 14 दिन तक पहले मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे. कंपनी ने इसका ग्लोबल रोलआउट शुरू कर दिया है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह सुविधा एंड्रॉयड और आईफोन दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी. इसके जरिए जन्मदिन, एनिवर्सरी या किसी जरूरी काम से जुड़े मैसेज पहले से तैयार करके रखे जा सकेंगे.

WhatsApp पर मैसेज शेड्यूल करने का तरीका काफी आसान रखा गया है. इसके लिए आपको कुछ स्टेप्स फॉलो करने होंगे.
सबसे पहले WhatsApp ओपन करें.
अब उस व्यक्ति या ग्रुप की चैट खोलें, जिसे मैसेज भेजना है.
चैट बॉक्स में अपना मैसेज टाइप करें. आप इसमें इमोजी भी जोड़ सकते हैं.
मैसेज तैयार होने के बाद सेंड बटन को कुछ देर तक दबाकर रखें.
इसके बाद मैसेज शेड्यूल करने का ऑप्शन दिखाई देगा.
अब अपनी जरूरत के हिसाब से तारीख और समय चुनें.
समय और तारीख सेट करते ही आपका मैसेज शेड्यूल हो जाएगा.
इसके बाद तय समय आते ही WhatsApp मैसेज अपने आप भेज देगा. मैसेज पाने वाले व्यक्ति को यह एक सामान्य WhatsApp मैसेज की तरह ही दिखाई देगा.

भेजने से पहले शेड्यूल मैसेज डिलीट करने का भी मिलेगा ऑप्शन
WhatsApp यूजर्स को सिर्फ मैसेज शेड्यूल करने की सुविधा ही नहीं देगा, बल्कि उसे डिलीट करने का विकल्प भी मिलेगा. इसके लिए ऐप में एक अलग व्यू ऑप्शन दिया जाएगा. यहां यूजर्स अपने सभी शेड्यूल किए गए मैसेज देख सकेंगे. अगर किसी मैसेज को भेजने से पहले हटाना चाहते हैं, तो उसे डिलीट कर सकते हैं. हालांकि, शेड्यूल किए गए मैसेज को एडिट करने की सुविधा मिलेगी या नहीं, इस बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है.
फोन स्विच ऑफ होने पर भी डिलीवर होगा मैसेज
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि मैसेज भेजने के लिए तय समय पर आपका स्मार्टफोन चालू होना जरूरी नहीं होगा. मान लीजिए आपने रात 12 बजे किसी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए मैसेज शेड्यूल किया है और उस वक्त आपका फोन स्विच ऑफ है या आप ऐसी जगह हैं, जहां नेटवर्क नहीं मिलता. इसके बावजूद मैसेज तय समय पर अपने आप डिलीवर हो जाएगा. यानी अब जरूरी मैसेज भेजने के लिए फोन हाथ में रखने या रातभर जागने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
शेड्यूल मैसेज में भी मिलेगा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन
WhatsApp ने इस नए फीचर में यूजर्स की प्राइवेसी और सिक्योरिटी का भी ध्यान रखा है. कंपनी के मुताबिक, शेड्यूल किए गए मैसेज में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा मिलेगी. इसका मतलब है कि मैसेज की सुरक्षा पहले की तरह बनी रहेगी. यूजर्स बिना किसी चिंता के अपने जरूरी मैसेज पहले से तैयार करके शेड्यूल कर सकेंगे.

