डोमरी में पौधरोपण कार्यक्रम में वाहनों के आवागमन और यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया है। एक मार्च की सुबह 4 बजे से 11 बजे तक सात घंटे राजघाट पुल पर मालवाहकों की आवाजाही प्रतिबंधित होगी। पड़ाव और राजघाट दोनों तरफ से वाहन नहीं आएंगे।
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि पड़ाव चौराहे से रामनगर चौराहे की तरफ और टेंगरा मोड़, लंका मैदान, पीएसी तिराहे से पड़ाव चौराहे की तरफ जाने वाले मालवाहक एवं भारी वाहनों का आवागमन सुबह 4 बजे से बंद रहेगा। पड़ाव चौराहे से सूजाबाद व राजघाट की तरफ आने वाले सभी ऑटो व ई-रिक्शा को पड़ाव चौराहे से यू-टर्न कर वापस भेजा जाएगा।
राजघाट की तरफ से आने वाले पौधरोपण से संबंधित सभी वाहन गोलगड्डा और राजघाट पुल होते हुए सूजाबाद पुलिस चौकी के सामने से बाएं यू-टर्न लेकर निर्धारित पार्किंग-1, पी-2 और पी-3 में पार्क किए जाएंगे। रामनगर की तरफ से आने वाले पौधरोपण से संबंधित सभी वाहन रामनगर से पड़ाव चौराहे से बाएं मुड़कर सूजाबाद चौकी से दाहिने होकर निर्धारित पी-1, पी-2 और पी-3 पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।

