Harish Rawat On BJP एक हैरान करने वाली खबर राजनैतिक गलियारे से आ रही है। एक तरफ कांग्रेस मुक्त भारत करने वाली भाजपा कांग्रेस युक्त हुई तो अब भाजपा से नेताओं में भगदड़ का दावा भी सामने आ रहा है। वो भी किसी छुटभैये नेता की जुबान से नहीं बल्कि उत्तराखंड के सबसे बड़े कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत के दावे से ये सियासी संभावना सामने आ रही है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने दावा किया है कि भाजपा के कई नेता कांग्रेस में आने लिए उतावले हैं. ऐसे लोग कतार लगाकर कांग्रेस में आने को खड़े हैं. जल्द ही कांग्रेस पार्टी लोगों को पार्टी में शामिल कराने का अभियान चलाएगी. इतना ही नहीं हरीश रावत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को अपनी पार्टी संभालने तक की नसीहत दी है.
कांग्रेस में आने लिए उतावले हैं भाजपा नेता – हरदा Harish Rawat On BJP

एक्स पर पोस्ट कर हरीश रावत ने कहा, इस समय कांग्रेस पार्टी में सम्मिलित होने वालों की बड़ी कतार लगी हुई है और अधिकांश लोग भाजपा से आने वाले हैं. महेंद्र भट्ट जी को खैरियत मनानी चाहिए कि पहले अपने घर को संभालें, तब इतने बड़े दावे करें। क्योंकि जो लोग सत्ता के लोभ में या किसी दबाव में चले गए थे, वे भी अब देख रहे हैं कि कुछ बदला नहीं है.आगे उन्होंने कहा, लोग निराश हैं और उत्तराखंड में आम जनमानस में स्पष्ट नाराज़गी है. ऐसे लोग अब निराश होकर कांग्रेस में सम्मिलित होना चाहते हैं. शीघ्र ही हम इस प्रकार का अभियान प्रारंभ करेंगे और मुंहतोड़ जवाब देंगे, ताकि भाजपा को यह भलीभांति समझ में आ सके कि उनके अपने घर की वास्तविक स्थिति क्या है.

आपको बता दें कि हरीश रावत के शासन काल में एक बड़ा राजनैतिक उलटफेर हुआ था और कई दिग्गज कोंग्रेसियों ने भाजपा का झंडा रातों रात थामकर हरीश रावत को कभी न भूलने वाला झटका दिया था लेकिन गंगा में पानी और पहाड़ की सियासत में दौर कई बीत चुके हैं और कभी अपने ही नेताओं की राह का रोड़ा समझे जाने वाले हरीश रावत 2027 के चुनाव से पहले खुद को रिटायर बताकर भाजपा में मंत्री विधायक बने पुराने साथियों के लिए वापसी का दरवाजा भी खुद ही खोलते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन सवाल ये है कि हरीश रावत की हिस्ट्री को ध्यान में रखते हुए उनके इस ऑफर पर कितने भाजपाई कांग्रेस में वापसी करेंगे ? क्या इस दावे में कोई दम भी है या ये सियासी बम फुस्स साबित होगा ये भी देखना होगा।

